गोष्ठी लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
गोष्ठी लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

रविवार, 10 फ़रवरी 2013

गोष्ठी राजशेखर जी के साथ

इस दफ़ा गोष्ठी में हमारे साथ थे राजशेखर जी, जिन्होंने तनु वेड्स मनु के ज़रिये हमें बहुत उम्दा गाने दिए और आगे भी कई फिल्मों के लिए गाने लिख रहे हैं. इस मुलाक़ात में हमने उनके द्वारा रचित बहुत खुबसूरत कविताएँ सुनीं, जिसमें कुछ कविताओं को  सांझा कर आइये गोष्ठी को कुछ मुकाम आगे पहुँचाया जाए.

यह  एक हाइकू मैथली में-

लीपल  ऐंगना
जों लिखल हाथ 
नभकी कनिया
खाय धीपल भात…

नौ चाँद बीते..

रातें अब तक
काली काली
ख़ाली ख़ाली
झींगुर कुतर जाया करती थी
फिर,
तुम्हारे सपनो ने रातों को खबर दी
कि तुम आ रहे हो- सच में..
…
रात ने शाम से कुछ वक़्त उधार मांगे
सूरज से गुज़ारिश की कि वो जल्दी डूबे
चाँद से कहा “तुम रोज़ आ जाओ न प्लीज़ “
जुगनुओं की रानी को बीते सालों का वास्ता दिया
तब लाख जुगनुओं से ज़मीं पर सितारे छिड़क दिए
अब बावली रात फाख्ते की तरह कूदती रहती है-
रात रानी की हल्की डालियों से,
रेडियो सीलोन पर आती, 
तलत महमूद की थरथराती भीगी आवाज़ तक..
….
घबराहट और इंतज़ार,
इंतज़ार…
इंतज़ार और घबराहट,
….
 कल नौ चाँद बीते..वो नहीं आये..

..अब चाँद, सितारे, जुगनू, सूरज
मेरी रातों को ताना देते हैं-
नौ चाँद बीते..वो आये नहीं ?




सबमें वसंत बाँट देना



बिनी, छत के उस कोने जहाँ 

बोरियों में रखा सीमेंट जम गया है  

सबसे छुपा कुछ जिद्दी नवम्बर बो दिए हैं मैंने  

देखते रहना ..  

अपनी हंसी से सींचते रहना … फरवरी तक, 

शर्माती हुयी  सिंदूरी कोंपले आ जाएंगी फिर मार्च तक फल .  

थोड़ा थोड़ा काट कर सबमें वसंत बाँट देना 

 

भ्रष्टाचारी :कुछ पॉइंट ऑफ़ व्यू 1,2,3,4,5

 

1
ठग..चोर.. भ्रष्टाचारी…
ये सड़कों पर के शब्द हैं..
घर के बाहर बोले जाने वाले – कैजुअल  से शब्द
पान खाने के बाद थोड़ा चूना और पीपरमिंट माँगने जैसा होता है ये सब बोलना..
हम इन शब्दों को खर्च आते हैं बाहर
और फिर हम घर लौटते हैं
पीक थूकते  हुए
बिजली के खंभे पर..
वही शब्द -
रात में सड़कों पर पीक सने और घिनौने हो जाते हैं
रात भर शराब की बंद दुकानों के  सामने बूँद बूँद गिरगिराते
फिर बहकर चले जाते हैं
अख़बारी पन्नों पर
सुबह
चाय के वक़्त
घरों तक पहुच जाते हैं ..
चोर ..ठग ..भरषटाचारी
जिन्हें हम सड़कों पर छोड़ आये थे..
2…
वो आक्ण्ठ डूबा है
“उसमें”
जिसे तुम पाप कहते हो
और वो मौका
उसके पास है बहुत मंहगी परफ्यूम
जिसके फाहे वो कान मे रखता है
वो तुम्हें  ना सुनता ना सूंघता है…
3…
भगवान दसावतरी
होते हैं

हर युग में “प्रकट” होते हैं
राक्षस और भ्रष्टाचारी नहीं
वो तो हमारी तुम्हारी तरह
माँ को तकलीफ़ देते हुए
दाई के हाथों घर
या सदर अस्पताल में पैदा होता है..
खिलौने के लिए किल्लोल करते हुए
वो एक दिन जब उठा लता है पड़ोसी का
पुराना  टाइयर
सहमता रहता है की माँ ना देख ले
पर माँ जब देखकर भी उसे नही डांटती
तो उसे ल्गता है
उसने कुछ बुरा नही किया
इतना तो चलता है
भ्रष्टाचारी स्कूल की लाइन में लगा
बिल्कुल तरन्नुम में गाता है
” इंसाफ़ की डगर पे, बच्चों दिखाओ चल के
ये देश है तुम्हारा, नेता तुम्हीं हो कल के ”
वो बेताला नही होता..
वो नही पढ़ना चाहता है गणित
उसे प्यार हो जाता है
प्रसाद की ” इरा” से
पर इरा का प्यार
उसे मोटी तनख़्वाह वाली नौकरी नही दिला सकता
जिससे पूरकस दहेज मिल सके
तो वो मास्टर और बाबूजी के कहने पर सायंस  ही लेता है..
अब  वो प्रसाद और इरा से दूर जा चुका होता है ..
वो भी तालियाँ बजाता  है
विलेन और स्मगलर  के पीटने पर
सिनेमा  हाल तक
हीरो उसका भी “हीरो” होता है..
वो हमारे तुम्हारे जैसा ही रहता है..
चाय पीता भूंजा फांकता
फिर सालों बाद एक दिन खबर आती है
उसके घर छापा पड़ा है
वो तो
लंपट है..ठग है चोर है..
करोड़ों का माल अंदर किए हुए है
दोस्त तुम बेकार में बुरा मान गये
मुझे पता है तुम्हारी कहानी भी ऐसी ही है
पर मैं किसी और की बात कर रहा था
अब लो..
अबे सही में …
५..
दिल्ली वाले जीजाजी
का अंकगणित
अलगे है..
साला यहाँ साल भर
रसुन्तेला निकल जाता है
खेत में काम करके
हुआँ उ ए सी में बैठ के बोलते हैं कि
खेती करते रहो
देश में खाद्यान्न की कमी ना हो
सला एक बार मौका मिले ना तो सब हसोत फसोत के बैठ जाएँगे
फिर बोंग  मराए ई खेती पेती..




उनकी  वेबसाइट का पता : http://rajshekhar.in/

सोमवार, 4 फ़रवरी 2013

पुरुषोत्तम अग्रवाल की दो कविताएँ


अश्वमेध

तुम बहुत सरपट दौड़े हो
थोड़ा ठहर जाओ
न, तुम नहीं थके,
जानता हूँ
लेकिन तुम्हारी दौड़ ने बहुतों को कुचला है
ठहर जाओ.
तुम्हारी रगों में फड़कती बिजली
तुम पर नहीं
दूसरों पर गिरती है
कोई वल्गा नहीं तुम्हारे मुँह में
फ़िर भी तुम्हारी पीठ खाली नहीं
वहाँ सवार है पताका
जिसकी फहराती नोंक
तुम्हें नहीं दूसरों को चुभती है
ठहर जाओ.
तुम पूजित हो, अलंकृत हो
ऊर्जा तुममें छटपटाती है
सारी दूब को रौंद कर जब तुम लौटोगे
बिना थके भूमंडल को नाप लेने के
उन्माद से काँपते, सिर्फ़, सिर्फ़ उत्तेजना के कारण
हाँफते
तब तुम्हें काट डालेंगे
वे ही लोग – जिनके लिए तुम दौडे थे.
वे काट डालेंगे
तुम्हारा प्रचंड मस्तक.
तुम्हारा मेध
उनका यज्ञ है .


 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

वसीयत

छूट गयीं जो अधूरी, मुलाकातें तुम्हें देता हूँ
हों न सकी जो बातें, तुम्हें देता हूँ
जो कवितायें लिख न पाया, तुम्हें देता हूँ
जो किताबें पढ़ न पाया, तुम्हें देता हूँ
मर कर भी न मरने की यह वासना
स्मृति की बैसाखियों पर जीने की यह लालसा
तुम्हारी कल्पनाओं, यादों के आकाश में
तारे की तरह टिमटिमाने की यह कामना
यह भी तुम्हें देता हूँ
जहाँ से शुरू होती है आगे की यात्रा
वहाँ से साथ रहना है सिर्फ़ वह जो किया
अपना अनकिया सब का सब
पीछे छोड़
कभी वापस न आने का वादा
तुम्हें देता हूँ.

रविवार, 11 नवंबर 2012

"गोपाल दास नीरज की एक कविता दीपोत्सव के मौके पर पठनीय एवं विचारणीय"


जलाओ दीये पर रहे ध्यान इतना
अँधेरा धरा पर कहीं रह न जाए ।

नई ज्योति के धर नये पंख झिलमिल,
उड़े मर्त्य मिट्टी गगन-स्वर्ग छू ले,
लगे रोशनी की झड़ी झूम ऐसी,
निशा की गली में तिमिर राह भूले,
खुले मुक्ति का वह किरण-द्वार जगमग,
उषा जा न पाए, निशा आ ना पाए।

जलाओ दीये पर रहे ध्यान इतना
अँधेरा धरा पर कहीं रह न जाए।

सृजन है अधूरा अगर विश्व भर में,
कहीं भी किसी द्वार पर है उदासी,
मनुजता नहीं पूर्ण तब तक बनेगी,
कि जब तक लहू के लिए भूमि प्यासी,
चलेगा सदा नाश का खेल यों ही,
भले ही दिवाली यहाँ रोज आए।

जलाओ दीये पर रहे ध्यान इतना
अँधेरा धरा पर कहीं रह न जाए ।

मगर दीप की दीप्ति से सिर्फ़ जग में,
नहीं मिट सका है धरा का अँधेरा,
उतर क्यों न आएँ नखत सब नयन के,
नहीं कर सकेंगे हृदय में उजारा,
कटेगे तभी यह अँधेरे घिरे अब
स्वयं धर मनुज दीप का रूप आए।

जलाओ दीये पर रहे ध्यान इतना
अँधेरा धरा पर कहीं रह न जाए ।
- नीरज

बुधवार, 7 नवंबर 2012

रोना है


I.
रोना है उन आँखों के लिए
जो अब रोती ही नहीं

रोना है उन विचारों के लिए
जो  अब हमारे नहीं

रोना है उस क्रांति के लिए जो
फ़िल्मी पर्दों में खो गयी

उस देश के लिए जिसके गरीबों  का जीवन
बहुराष्ट्रीय कंपनियों के हाथों गिरवी रखा गया.

II.
रोना है उन मजदूरों के लिए
जो आज भी भूखे सो गए

उन बच्चों के लिए जो
अपाहिज भविष्य के साथ जन्में

उन औरतों के लिए जो त्यौहार पर
अपनी शादी की साड़ी रफ़ू कर रही है

उन  किसानों के लिए जिनकी  सांसें रुक चुकी हैं
महाजन  के कर्जों तले.

III.
रोना  है उन जंगलों के लिए
जहाँ से आदिवासियों को बेदखल किया गया.

उस  नदी के लिए जिसका पानी रोका गया
चंद शहरी बाबूओं की सुविधा के लिए.

रोना है उस दिल के लिए जो अब अंधा हो चला है
उस ज़ेहन  के लिए जो सुन्न है, जड़ है.