चर्चा लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
चर्चा लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

रविवार, 20 अप्रैल 2014

आहत

[ मैंने यह कविता करीब ६-७  वर्ष पूर्व एक कवि सम्मेलन से लौटने के पश्चात प्रतिक्रिया स्वरुप लिखी थी. वर्तमान में जब मीडिया की  निष्पक्षता सवालों के घेरों में हैं, कवियों एवं लेखको के एकपक्षीय विमर्श को  अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के सभी आयामों का सम्मान करते हुए  भी कटघरे में  खड़ा करने की आवश्यकता है .] 


चौबीस घंटे के पश्चात्
रह रह कर मेरा मन कर रहा व्याघात  
वहां मैंने सुनी बहुतेरे कवियों की बात
कुछ ने हास्य - व्यंगयों से सभा का श्रृंगार किया, 
कुछ ने अपनी प्रतिभा से पाकिस्तान पर प्रहार किया,
कुछ ने गुजरात दंगो पर अपना विचार दिया
यहीं है वह बात
जहाँ रह रह कर , मेरा मन कर रहा व्याघात
इन चंद कवियों को बहुत याद आई
जलते हुए साबरमती एक्सप्रेस की
लेकिन , इनकी आँखों में नहीं बची थी इतनी दृष्टि
इनके नाकों में नहीं बची थी , इतनी घ्राण शक्ति ,
जो नरोदा पटिया की सडती लाशों की बू को भी सूंघ पाते
उनके कानो में नहीं बची थी , इतनी श्रवण शक्ति ,
जो गुलमर्ग सोसाइटी के क्रंदन को भी सुन पाते,
इसी तरह जब मैं पढ़ता हूँ ,
‘हंस’ के काव्य भाग को ,
तो इन पृष्ठों पर नहीं पाता, एस-६ डब्बे की बात
उनकी संवेदनाये , मानवीय भावनाये
सारी तुकबंदी एवं काव्यात्मक उपमाये
प्रारंभ होती है , गोधरा के पश्चात्
यही है वो बात ,
जहाँ रह रह कर, मेरा मन कर रहा व्याघात
मैं पूछता हूँ ,
क्या जलती आग की लपटों से
उठने वाली मासूम चीखों में भी अंतर होता है .
या फिर अंतर होता है ,
इंसानों को जलाने के लिए प्रयुक्त होने वाली पेट्रोल में,
नहीं कोई अंतर नहीं  होता, तो फिर क्यों,
इस आग पर सेंके जाने वाले राजनीति की रोटियों की तर्ज पर ,
कवियों की संवेदनाये और भावनाए रंग बदल लेती है.
फिलहाल , मुझे इन कवियों की कविताओ से ज्यादा इन्तजार है,
किस्से के उस लड़के की जो,
एक मूर्ख  और नग्न राजा की सवारी में ,
दुदंभी नाद और जयघोष के बीच,
बड़े ही अबोधता  से सहज कह उठे
“अरे राजा तो नंगा है “
हाँ,  इस बात की सम्भावना बहुत ज्यादा है,
उस लड़के के परिजन उसके मुहं पर हाथ डालते हुए कहें 
“अबे, चुप हो जा ,यदि राजा के कानो तक,
पहुँच गयी यह बात,
मिल जायेगा प्राणदंड बातों ही बात “
                                  - नेपथ्य निशांत 


बुधवार, 16 अक्टूबर 2013

धर्म और उसके मायने ?

                                हिन्दू हो ,मुस्लिम हो या क्रिस्चियन या कोई और .....धर्म सब एक जैसे हैं मेरे लिए और सभी का मूल उद्देश्य भी एक ही होता है पर क्यूँ ऐसा है कि हम उस धर्म के पीछे ,उसके रिवाजों के पीछे की भावनाओं को तो भूल जाते हैं पर उन रिवाजों को बड़े अच्छे से फॉलो करते हैं ! क्या परंपरा को विवेक और ह्रदय के तराजू पर तौलकर हम ये खुशियाँ नही मना सकते ....क्या सिर्फ 'ऐसा तो होता ही है ' की वजह से ही हम अपने दिलो दिमाग को ठन्डे बस्ते में डालकर करेंगे ?; शायद -शायद कभी तो पढ़े लिखे और समझदार मानुस (भावना छोडिये आप लॉजिक की बात कीजिये ) उस पर प्रश्नचिन्ह लगाते होंगे ! 

मुझे पता है कि ये विवाद का मुद्दा है पर मैं पढ़े लिखे ,समझदार दोस्तों की बात कर रही हूँ ,हर धर्म के ,हर मज़हब के !

क्या कभी आपने ये सवाल नही उठाया कि माँ आप के करवाचौथ करने से सचमुच पापा की उम्र बढ़ जाएगी और अगर आप ये व्रत की बजाय सचमुच उनकी सेहत के लिए कोई उपाय करें तो कैसा रहेगा ? या घनघोर पूजा पाठ से जीवन सुखमय बनता है या अच्छे से ,मेहनत से काम करके छोटी सी प्रार्थना करके भी इंसान खुश रह सकता है ,हमारे यहाँ हिन्दू धर्म में भी काफी समय पहले तक देवी को प्रसन्न करने के लिए बलि चढ़ाई जाती थी ....माँ असुरों के नरमुंड से प्रसन्न होती थीं शायद इसलिए क्यूंकि वे विनाशकारी और बुरे थे पर ये मासूम बच्चों,बच्चियों और पशुओं की बात कहाँ से आई ....नही पता ! ईद पर होने वाली बलियों की जहाँ तक मुझे जानकारी है ,उसका लॉजिक भी आजतक नही समझा मुझे .....मतलब जान लेने पर जश्न या जान लेकर मनाया जाने वाला जश्न .....हर एक धर्म के अपने नकारात्मक पक्ष हैं ....हम हिन्दु भी कम नही हैं ...ढकोसले निभाने के मामले में .....दूसरों को क्या कहें ....ये बताओ हम सबके घरों में कुछ न कुछ ऐसा ही परंपरा के नाम पर फॉलो होता है पर उसके पीछे का कारण जाने की कोशिश कब की हमने ? और की तो क्या उस कारण के साथ साथ वो रिवाज़ को कायम रखने का तरीका बदलना चाहिए वक़्त के साथ ?

# इतने त्यौहार आते हैं न इस देश में ....कि समझ नही आता कि हम भारत वाले काम कैसे और कब कर लेते हैं ! एकता में अनेकता ,विविध रंग भारत के वगैरह वगैरह सब सही है पर क्या उस एसेंस को कायम रख पाए हैं हम ?


गुरुवार, 15 अगस्त 2013

आज़ादी और कुछ सवाल !!

    
आज़ादी के कुछ छियासठ साल पूरे होने को आये हैं ! और हर बार हम सोचते हैं कि शायद अगले साल हम कुछ बेहतर होंगे पर बेहतरी का तो पता नही हम अपने मानकों से नीचे ज़रूर गिरते नज़र आ रहे हैं.हाल ही की ख़बरों पर नज़र डालें तो पाएंगे कि सी.बी.आई. तो अभी भी ‘आज़ाद’ नही हो पायी और न ही इस ‘ तथाकथित ‘लोकतांत्रिक देश में राजनीतिक दलों से यह सहन हुआ कि सूचना के अधिकार के तहत ही सही उन्हें चुनने वाले आम लोग उनसे कोई सवाल पूछ सकें ! हाल ही में देश में संविधान निर्देशित कुछ अधिकारों से जुड़े गंभीर प्रश्न हमारे समक्ष और भी डटकर खड़े हो गये हैं मसलन क्या देश के नौनिहालों को साफ सुथरे माहौल में पोषक आहार पाने का अधिकार नही है ,क्या एक गरीब की पेट की आग और उसकी ज़िन्दगी इतनी सस्ती है ?; क्या समाज के एक तबके से उनकी आजीविका के अधिकार को छीनने के बाद उनसे जीने की सभी उम्मीदें भी ले लेना चाहिए ,जितनी संवेदना सुरक्षा को लेकर है क्या वो इस बात की अनुमति देती है कि आप उसी तबके की ज़िन्दगी गर्त में धकेल दें ;क्या भाषा और अन्य के आधार पर बँटता जा रहा यह देश पहले से ही नक्सलवाद जैसे आन्तरिक शत्रुओं से नही जूझ रहा है और पहले से ही हज़ार हिस्सों में बंटा हुआ है !क्या एक माँ जिसके पहले से ही इतने सारे बच्चे हों और सब किसी न किसी समस्या से जूझ रहे हों तब एक और बच्चे का जन्म क्या कुछ बेहतर करेगा ?;क्या इससे बाकी बच्चे भी बिदक नहीं जायेंगे ?क्या ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा को पालने वालों को ऐसे ही ‘तोहफे’ मिलते रहेंगे ? ;क्या सभी गलतियाँ सरकार की हैं या हम और हमारा समाज जो इस देश को बनाता है -भी इसके कहीं न कहीं ज़िम्मेदार हैं ? क्या एक लोकतंत्र में अपने अधिकारों के तहत राजनीतिक दलों से सवाल पूछने का हक बेमानी है ? क्या हम सचमुच ‘अभिव्यक्ति की आज़ादी ‘का जश्न मना सकते हैं इतने सालों बाद भी पूरी तरह ? क्या पुलिस ,क़ानून की असंवेदनशीलता को अब भी हम चुपचाप झेलने की हालत में हैं ? क्या अब भी हम स्वार्थी बने रहना चाहते हैं ;क्या अब भी हम छोटे छोटे ,निरर्थक और अनावश्यक प्रपंचों और बातों में पड़े रहकर अपने देश की नैय्या को डूबते रहने देना चाहते हैं क्यूंकि हम उन अभागों में से नही हैं जिनके लिए ज़िन्दगी का हर दिन एक जंग के बराबर है !!

खैर प्रश्नों की यह फेहरिस्त निहायत ही लम्बी है पर अब हरेक को गिनाने की शायद ज़रुरत नही होगी क्यूंकि ये सवाल कहीं न कहीं हम में से हरेक की ज़िन्दगी और वजूद से राब्ता रखते हैं इसीलिए यह कुछ सवाल आपके विवेक और ज़ज्बे को जगाने के लिए काफी हैं !! वो ज़ज्बा जो सिस्टम की गंदगी की दुर्गन्ध से नाक मुंह को सिकोड़ने की बजाय खुद उस में उतरने कर उसे साफ़ करने का हो ,जोकि हमेशा सरकार जो हमारे ही वोटों से बनी है उसे उसके काम तो याद दिलाये ही पर खुद हमें भी एक नागरिक के कर्त्तव्य और ज़िम्मेदारी का भी एहसास कराये क्यूंकि अपने गिरेबान में झांकेंगे तो पाएंगे कि उसे आका हमने ही बनाया है और वो हमारे जैसा ही एक इंसान है!

कहते हैं एक लकीर को ऐसे छोटा किया जा सकता है कि हम उसके सामने एक और बड़ी लकीर खींच दें तो बस हमें वही करना है सरकार की लकीर को अगर सीधा करना संभव हो तो करो नही तो जी जान लगाकर एक इतनी बड़ी लकीर खींचों कि सब की नज़रें बस अब उस नयी लकीर पर हो !! वैसे एक बात जो अक्सर हमारे जैसे सोशल नेटवर्क पर बात करने वालों को शायद सुनने को मिलती हो कि क्या हो जायेगा चर्चा करके,लिखके , एक पेटिशन साईन करके तो ऐसे लोगों के लिए मेरे चेहरे पर एक मंद सी मुस्कराहट आ जाती है और एक ही जवाब जोकि एक प्रश्न है-होता है कि क्या आप अभी भी जनता याने कि खुद की आवाज़ ,दबाव और ताक़त से नावाकिफ हैं ? दरअसल हमारी पीढ़ी को ‘प्रवचन’ सुनने की आदत नही है इसीलिए ऐसे लोगों के साथ तर्क वितर्क शायद कोई परिणाम ना लाये पर जब आप खुद से ये सवाल करेंगे तो पायेंगे कि भले ही इस देश में कितना गड़बड़ घोटाला हो रहा हो ,कितनी ही ‘दुर्गा’ सज़ा पा रही हों ,कितनी ही निर्भया बेआबरू हो रही हों पर इन मुद्दों पर चर्चा और न्याय की संस्थाओं को हिलाने का माद्दा आज भी हमारे पास सुरक्षित है !! क्यूंकि वो ‘शौर्य ‘ ,वो आतंक, तानाशाही और अन्याय के खिलाफ आवाज़ उठाना न सिर्फ हमारी ज़रुरत है बल्कि वक़्त की बेसब्र मांग भी है !!

(आप कॉर्पोरेट जॉब में हैं ,ढेरों बधाईयाँ !! पर जनाब मैक डोनाल्डस में खाने वाले ,एयर कंडिशनर की हवा में मुस्कुराने वाले आप –कभी यह ख्याल नही आता आपके दिमाग में कि देश तकनीकी तरक्की काफी कर चुका है और उसकी फ़िक्र करने वाले बैठे हैं न संसद में पर नंगे भूखे ‘हल्कू’ की तकलीफ की कहानियाँ सिर्फ कचौरी खाकर फेंक दिए गये अख़बार के टुकड़े में दबी कूड़ेदान में चली जाती हैं !! )
तो बस हमारे जैसे और आपके जैसे युवाओं की ,जोशीले लोगों की ज़रुरत है इस मुल्क को वरना कहीं हम फिर से ‘देसी’ हुकूमत के गुलामी के शिकंजे में जकड न जायें !!
उठो ,जागो और अपने लक्ष्य की प्राप्ति तक न रुको (स्वामी विवेकानंद)
                                                                                            - स्पर्श चौधरी 

शनिवार, 18 मई 2013

खोया क्यों है आज तू ?



अम्बर की हर ऊंचाई पर, समुद्र के गहन की कोख तक है तू
माँ के आंचल मे, घर के आंगन मे है तू
जीवन के हर एक पहलू में गतिशील, फिर भी खोया क्यों है आज तू

मन मे तूफ़ान को लिए घूमता है, पर पहाडों से आज भी थरथराता है तू
कई अरमानों को गुथ रखा है, पर शिकायतों का सैलाब है तू
सही राह का बोध है तुझे, फिर भी गलत राहों पर लुप्त है तू
सच-झूठ का परिज्ञान है, फिर भी खोया क्यों है आज तू

मिट चुका वजूद है तेरा, क्यों  विनाश से भयभीत है तू
बिक चुका ईमान है तेरा, वंचन से क्यों आतंकित है तू
भीगती रगों मे ओजस है इतना, इस क्रांति को क्यों नकारता है तू
ऎलान का लय निकट है, फिर क्यों  आज खोया है तू
                                   
                                                                                  ------------------  निमिष मेहता

गुरुवार, 18 अप्रैल 2013

क्या अपराधों की जन्मभूमि बन रही है राजनीति !




राजनीति के  एकदम सफेद चक गलियारों में आज ताज़े खून के धब्बों  का होना कोई नई या ख़ास खबर नही है ! राजनीति के मायने अब बदल गये हैं .वैसे राजनीति के खेल तो ऐसे ही चलते आये हैं बरसों से पर अब राजनीति की आड़ में अपराधियों को खासी पनाह मिल रही है या यह कहिये कि उन्हें इस सफ़ेद पोशाक का जो नाजायज़ फायदा मिल रहा है वो अब अपराध की श्रेणी में आ चुका है .इसमें कोई दो राय नही कि वोट बैंक की खातिर  नेतागण कुछ भी कर सकते हैं .1992 के बाबरी विध्वंस को क्यूँ नही रोका गया ....सामने खड़े होकर सत्तादल के कार्यकर्ता तमाशा देखते रहे क्यूँ ..कहीं बहुसंख्यक हिन्दु भड़क गये तो .....! 
     अब राजनीति में प्रवेश करने की वजह जनता की सेवा नही रह गयी है . अब नेतागिरी का मतलब अधिकांशतः सिर्फ सत्ता में आना और सत्ता के नाम पर गुंडागर्दी को शह देना  रह गया है ताकि आम लोगों पर उनका रौब बना रहे .इसी खौफ के चलते लोग इनकी हरक़तों का विरोध करने से भी खार खाते हैं ,क्यूंकि अगर इनमें से कोई भी सच्चाई का साथ देने के लिए आगे बढ़ता है तो उसे रोकने के लिए ये गुंडे-नेता अपने छुटभैय्ये आदमियों से उनके इन बढ़ते कदमों को रुकवा देते हैं ;उन्हें और उनके करीबियों को जान  से ही मरवा देते हैं ! ' हमसे जो टकराएगा वो चूर चूर हो जाएगा ' की धमकियों के ज़रिये लोगों में दहशत फैला देने से  उनके राजनीतिक मंसूबे पूरे होने में कोई खलल भी नही होता  !! उत्तरप्रदेश ,बिहार ,राजस्थान और मध्यप्रदेश के कुछ हिस्सों में तो खुल्लमखुल्ला धड़ल्ले से क़ानून और खाकी वर्दी को ठेंगा दिखाकर या फिर उसकी कुछ कमज़ोर कड़ियों को अपने साथ मिलाकर संविधान और जिन मतदाताओं के कारण वे कुर्सी पर काबिज़ हुए हैं उन्ही का बड़ी बेशर्मी से मखौल उड़ा रहे हैं ! और इन्ही हिस्सों में ही क्यूँ अब तो सभी जगह खासकर भारत में तो राजनीति आपको सारे अधिकार दे देती है -सारे -किसी की इज्ज़त लूटने का,किसी को अगवा करवाने का ,किसी की हत्या करवाने का ,और हर किस्म का कोई भी अत्याचार करने का ! क्यूँ ...अरे भाई हम तो नेता हैं ..नेता ! हमें कौन पकड़ेगा और अगर जाँच के घेरे में आ भी गये तो हम  हाथ पर हाथ धरे यूँ अपनी कुर्सी और इज्ज़त को जाते हुए देखते रहेंगे क्या भैय्या ?  ... तभी तो 'हम ' अभी तक उस मुस्लिम पुलिस अधिकारी के केस में गिरफ्तार नही हुए ....अरे ऐसे ही थोड़ी न 'राजा भैय्या 'कहलाते हैं हम ;हमारी लोगों तक पहुँच,रुतबा ,हमारे कार्यकर्ताओं की पकड़ के कारण तो मुख्यमंत्री साहब ने भी;  हमारे नाम पर इतने अपराध दर्ज होने के बाद भी हमें अपने मंत्रिमंडल में शामिल किया ;सी.बी. आई .तक को चकमा दे दिए हम ! हाँ अब ये इस्तीफ़ा देना तो लोगों का मुँह बंद कराने का एक तरीका है ...वो क्या है न अभी चुनावों में तो जनता ही हमारी इष्ट है !! तो उनके क्रोध को तो शांत करना होगा न !! 
         अब इन्ही महाशय सचिन सूर्यवंशी को देख लीजिये ,ये ठहरे वर्ली चौकी के एक अदने से नए नवेले सब-इंस्पेक्टर और हमें ही ट्रैफिक के कायदे कानून सिखाने चले थे .....अब खुद ही अपनी नौकरी से हाथ धो लिए न !! अब थोड़ी न हमारे साथी ऍम .एल. ए .चुप बैठेंगे .....!!!!   इतना ही नही हम चाहे किसी सामूहिक बलात्कार केस के आरोपों को भी नकार सकते हैं ....थोड़ी न मनाही है कि कोई तथाकथित 'बलात्कारी  ' संसद जैसी गरिमा वाले स्थल में नही प्रवेश कर सकते .!! 

प्रिय पाठक-पाठिकाओं  ,दरअसल अपराध आज राजनीति के अन्दर इस हद तक  समाविष्ट हो चुका है कि ज़ेहन में इस विषय में बेहद क्षोभ भरा हुआ है जो उपर्युक्त  शब्दों में इस  त्रासदी  के उदाहरण के व्यंग्यात्मक  रूप में बाहर निकला है !! आंकड़ों पर जाए बिना ही हम सभी जानते हैं कि राजनीति की गोटियाँ खेलने वाले हर शख्स को किन नज़रों से देखा जाता है और हो भी क्यूँ न !
           बहरहाल  आज कितने युवा हैं जो राजनीति में जाना चाहते हैं?-खुद मुझे भी जनता की सेवा करने के लिए राजनीति बेहद कठिन परन्तु सटीक उपाय सूझ पड़ता है पर परिवार इस बात से असहमत है क्यूंकि अब तो 'डर्टी पॉलिटिक्स ' ही शेष रह गयी है- एक आम युवा जो संवैधानिक अधिकारों और शक्ति के बल पर जनता की समस्याओं को हल करना चाहता है वो भी ऐसा सोचने से डरता है क्यूंकि जो हैं वो उन्हें सीधे साधे थोड़ी न टिकने देंगे और वैसे भी एक सड़ी हुई मछली सारे तालाब को ख़त्म कर देती है फिर यहाँ तो सारा तालाब ही दुर्गन्ध से सराबोर है -अब कोई दूसरी स्वस्थ  मछली वहाँ  कितने दिन टिक पायेगी !! राजनीति और जनता के मतों के दम पर चुन कर आये हुए उनके प्रतिनिधि होने का अब सिर्फ मिथक रह गया है ...सब अपने स्वार्थ तो पूरे कर ही रहे हैं पर उन स्वार्थों को पूरा करने के लिए लोगों की जान,इज्ज़त, और भी सब कुछ छीन लेने में कोई हिचकिचाहट नही होती इन्हें !
             संसद में बैठकर एंटी-रेप बिल के बारे में चर्चा में वे सांसद भी शामिल थे जिनके खिलाफ खुद मोलेस्टेशन और बलात्कार के संगीन जुर्म दर्ज थे ! कितनी बेशर्मी की  बात है यह -क़ानून को अपने हाथों का खिलौना समझने वाले क़ानून बनाते हैं इस देश में ! चुनाव आयोग जो एक स्वतंत्र इकाई है विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र के कार्यकारी विभाग की  -वह कैसे ऐसे हत्यारों,दुष्कर्मियों को चुनाव लड़ने की अनुमति दे सकता है ! तो राजनीति से अपराध की गंदगी दूर करना भले ही कितना मुश्किल हो पर नामुमकिन नही है -अगर अच्छे मूल्यों वाले  युवा राजनीति में आयें और देश की संवैधानिक ईकाईयाँ बेख़ौफ़ होकर अपने अधिकारों का बखूबी प्रयोग करके अपना फ़र्ज़ निभाएं !!  

रविवार, 7 अप्रैल 2013

कौन हैं भ्रष्ट?



आज पूरा भारत क्रांति के पथ  पर  अग्रसर हैं। क्रांति- इस देश से भ्रष्टाचार को मिटाने की।

एक तिहत्तर साल का वृद्ध पुरुष जब अनशन किए इस देश से गुहार लगा रहा है तो सबसे बड़ी

तादाद मे युवा पीढ़ी उनकी समर्थन मे आगे बढ़ रही है। बड़े बड़े घोटालो के खुलासे हो रहे है – कभी

2जी को कभी जीजाजी( रोबर्ट वदरा केस) तो कभी कोल-गेट।

लेकिन सवाल ये है कि- क्या यह भ्रष्ट भारत इनहि मंत्रियों और ऊंचे पदो पर बैठे देश के लुटेरो

तक सीमित है ?

जब मैं अपने घर मे शीत का अवकाश खुशी से मना रहा था तो मैं इस सवाल पर सोचने के लिए

विवश हो उठा। जब झारखंड सरकार बिजली के उत्पादन और वितरण की ज़िम्मेदारी असार्वजनिक

संगठनो के हाथों मे सौपने का निर्णय लिया, तो झारखंड राज्य बिजली मण्डल ने विरोध के रूप

मे पूरे राज्य को अंधकार मे पिरो दिया। हमारे घरों मे छत्तीस घंटो तक बिजली नहीं आई। मैंने

इस मसले के बारे मे पता करने की कोशिश की पहले क्या समस्या थी जो सरकार ने ऐसा कदम

उठाने का फैसला किया। अगर हम सिर्फ अपने जिले की बात करे तो ये ज्ञात हुआ की लगभग 5

करोड़ की बिजली हुमे सरकार की तरफ से दी जाती है। लेकिन जनता से सिर्फ 50-60 लाख तक

ही राशि का संग्रह हो पता है।इसके अलावा बिजली विभाग के सभी कर्मचारियों और मजदूरों की

पगार!! क्या है इसका कारण? भ्रष्टाचार!!

इन मजदूरो को लोग पचास रुपये देते है और ये आसानी से बिजली के खंबों पर छड़कर उनके घरो

को रोशनी से उजागर कर देते है।

ऐसा ही एक और  मसला मेरे समक्ष आया। इसी बीच मेरी दीदी, जो IGNOU से M.Com कर रही

है, की परीक्षा चल रही थी।उन्होने मुझे बताया की परीक्षा-कक्ष मे सभी परीक्षार्थी आराम से

पर्चो से चोरी कर इम्तिहान मे उत्तीर्ण होने के अपने अरमानो को पूरा कर रहे थे। और उनके इन

अरमानो के सारथी थे- परीक्षा निरीक्षक। कारण- कुछ बच्चों ने उन्हे पाँच सौ रुपये थमा दिये और

अब पूरे अधिकार के साथ चोरी कर रहे थे।

इन दोनों मसलो से यही प्रतीत होता है की जो भ्रष्टाचार हैं, वो सिर्फ मंत्रियों के हाथों की

पाप नहीं हैं। ये आम जनता के भी रगों-रगों मे हैं। ये मजदूर , शिक्षकगण और वो लोग जो इन्हे

पैसा दे रहे हैं, ये वही लोग हैं जो आपको अन्ना हज़ारे या अरविंद केजरीवाल के भाषणों मे नजर

आएंगे। ये तो सिर्फ दो आम मसले थे, जो मेरी  नज़रो के समक्ष आये.  ऐसे न जाने कितने भ्रष्ट

कामो को हम आम जनता ही अंजाम देते है और ये सपने देखते हैं  कि  हमपर शासन करने वाले लोग

भ्रष्टमुक्त हो। अरे ये लोग भी तो हममे से ही एक हैं।

जरा सोचो, जब इतने छोटे चीजों मे तुम्हारा जमीर तुम्हें इजाजत दे रहा है, तो बड़ी कुर्सी पर बैठने

पर तुम क्यों रुकोगे।

आज अगर हम इस देश को भ्रष्टमुक्त करना चाहते है तो शुरुआत अपने आप से करनी होगी।

माना कई हैं यहाँ...... भ्रष्ट नेता

सिर्फ उनपर ही हैं क्यों ध्यान

लोकतंत्र मे पलने वाली जनता...

तुम्ही हो समस्या, तुम्ही समाधान।
                                                                    ------------- श्याम सुन्दर

क्या आधुनिकता महिलाओं में बढती असुरक्षा का कारण है ?



आधुनिकता क्या है ? सबसे पहला प्रश्न तो यही है .!! खैर वही इस आलेख में बात करते हैं .
कपड़ों से मनुष्य की पहचान होती है का जुमला बहुत पुराना हो गया है अब।पर लोगों के दिमाग तो  उसी में उलझे हुए हैं .अगर कोई लड़की या महिला किसी स्कर्ट या अन्य किसी गैर भारतीय परिधान में दिखती है तो हमारे सामाजिक सदस्य उसके प्रति एक धारणा  ही बना लेते हैं और फिर उसे उसकी   '  आज़ादी ' की  'सज़ा'  देने के लिए उसे परेशान करते हैं -क्यूँ! संविधान के अनुसार महिलाओं को हर प्रकार से पुरुषों के बराबर अधिकार दिए गये हैं तो मर्ज़ी के कपडे पहनने की आज़ादी भी उसी में शामिल है! हाँ और बात है कि इसके साथ यह नैतिक कर्त्तव्य या कहें कॉमन सेंस भी है-उस ' आधुनिक पहनावे  'से किसी को अजीब न लगे या आप खुद ही के लिए सच में मुसीबत को आमंत्रित न कर रही हों .

         इसीलिये 99 प्रतिशत मामलों में आधुनिकता से असुरक्षा का कोई सम्बन्ध नही है विशेषकर भारत में क्यूंकि विदेशों में तो बिलकुल बिंदास रहन सहन होता है फिर भी  महिला अपराधों की वजह सिर्फ पहनावा नही होता।पुरुष भी जब चाहे जैसे अपनी सुविधा के अनुसार कपडे पहन सकते हैं ,महिलाएं तो नही न सड़क चलते उनपर फिकरे कसती हैं या उनपर कुदृष्टि डालती हैं ! तो फिर महिलाएं ही क्यूँ ?

यही कारण है कि आज एक बेटी घर से बाहर निकलती है तो माता -पिता उसकी चिंता में लगे रहते हैं -तरह तरह की हिदायतों और नसीहतों के साथ उसे जाने देते हैं-और अगर बेटी मेरी तरह घर से मीलों दूर बैठी हो तो माँ हर फ़ोन पर सुरक्षा का ध्यान रखने वाली बात को दोहराना नही भूलतीं ! बात मानसिकता की है -बात पुरुष की है जिसे इस पितृसत्तात्मक समाज में सब कुछ करने की आज़ादी है -वो चाहे तो पीकर अपने खोये हुए होशो-हवास में किसी के साथ कुछ भी अभद्र कर या कह सकता है -हाल  ही में जबकि मुंबई को  बेहद सुरक्षित माना जाता है ,वहीँ हमारे कॉलेज  कैंपस के अन्दर भी रात को 2-3 बजे कई बार कुछ छात्र ऐसी असभ्य हरक़तें करते पाए गये हैं जिसकी प्रत्यक्ष शिकार या गवाह मेरी कई शोध कर रही वरिष्ठ छात्राएं रहीं हैं -शिकायत की गयी -कार्यवाही भी होगी -सकारात्मक रूप से होगी-सब अपनी जगह सही है पर बात एक विश्वास की है -बात अन्दर ज़ज्ब की हुई सुरक्षित होकर निडर होकर घूमने की भावना की है जो संवैधानिक रूप से सभी को मिलनी चाहिए -गुवाहाटी में हुई छात्र के साथ दुर्भाग्यपूर्ण घटना के वक़्त कुछ लोगों का कहना था  -
कि उसे 10 बजे रात  को बाहर  बार नही जाना चाहिए था -मेरा सवाल है क्या उन सरेआम उसे मोलेस्ट करने वाले लोगों से किसीने पुछा इतनी रात को वो क्या कर रहे थे -कपड़ों की बात करें तो चलिए वो भी ले लेते हैं उसने जींस टी-शर्ट पहनी थी  -जो उसके तन को अच्छे से ढंकी हुई थी -और अपने दोस्तों के साथ बाहर आई हुई थी -क्या इतना हक भी नही है उसे! तो कुलमिलाकर अगर आधुनिक जीवनशैली के नाम पर आप किसी और के संवैधानिक अधिकारों  का हनन करते हैं तो यह बेहद गलत है .
                मेरी स्कर्ट से मेरी आवाज़ ऊंची है -एक विरोधाभास् को दर्शाता है -पूर्वकाल में स्कर्ट और आवाज़ दोनों ही ऊंची नही थी तब भी कहाँ महिलाएं महफूज़ रहा करती थीं -आज भी बुर्के और हिजाब में ढँकी मुस्लिम महिलाओं के साथ छेड़खानी और बलात्कार होते हैं तो अब कौन इसके लिए कुसूरवार है?
मेरी इन दलीलों से लग रहा हो अगर हमारे प्रबुद्ध पाठक पाठिकाओं को कि मैं एक पक्की फेमिनिस्ट की तरह बातें कर रही हूँ पर इसका मतलब यह नही कि मैं सिक्के के दूसरे पहलू के बारे में बातें नही करना चाहती ! तो चलिए अब आधुनिक ' सोच ' की चर्चा करते हैं जो आधुनिक पहनावे का स्त्रोत ही है पर इसका दायरा विस्तृत है -आधुनिकता के साथ आज़ाद ख़यालात भी आते हैं -हमेशा यह सही साबित नही हुआ है -कई लोग आधुनिक होने के बाद भी या कहें बाहर से आधुनिकता की तस्वीर पेश करने के बाद भी दिमाग से सत्रहवी सदी में जीते हैं जिनमें पुरुष और महिलाएं दोनों शामिल होती हैं  .कई बार 
 तथाकथित आधुनिकता के कारण पुरुष तो पुरुष महिला से ही असुरक्षा महसूस होने लगती है -एक टीवी शो 'उड़ान' में एक संभ्रांत परिवार की डॉक्टर महिला हैं -महिला मरीजों को आत्मविश्वास देती हैं -उसे यह समझाती हैं कि औलाद पैदा न करना उसे कमतर नही बना देता पर वहीँ अपनी बहू  को कमतर साबित करने पर आमादा  होती हैं -वह अपने ही ससुराल में ही असुरक्षित रहती है -दरअसल ' आधुनिकता ' ही एक गहन चर्चा का मुद्दा है .जब भी किसी विचार ,व्यवहार या शैली में अति होती है तो उस में अवांछितता आना पूरी तरह संभव है -अति सर्वत्र वर्जयेत ! वैसे भी मनुष्य एक विवेकशील प्राणी है -तात्पर्य है कि हम यह क्यूँ भूल जाते हैं कि इसका उद्देश्य सुविधा बढ़ाना था -समाज के एक अहम् वर्ग को असुविधा और असुरक्षा देना नही ! 

                 सामान्यतः महिलाओं ,बच्चों और बूढों को समाज के शारीरिक ,मानसिक रूप से कमज़ोर माना जाता रहा है .इस भ्रांति के अपवाद बेशक सभी वर्गों में सभी समयों पर रहे हैं।उन्हें परिवार के शक्तिशाली या प्रभावशाली पुरुष सदस्य की छत्रछाया में रहना होता है -पर अब ऐसा नही है -ज़माना बदला -महिलाएं और बच्चे भी अपनी सुरक्षा खुद करने में सक्षम महसूस करते हैं पर इसी तेज़ी से होते बदलाव ने उन्हें प्रोत्साहित किया है तो इन दुर्भाग्यशाली घटनाओं ने हिचकिचाने पर भी मजबूर किया है .क्योंकि पुरुष /अन्य शक्तिशाली वर्ग के लोगों को यह मंज़ूर नही हुआ कि उनके प्रभुत्व के बिना ,रौब जमाये बिना वे बेख़ौफ़ होकर ,'आज़ाद 'होकर घूम सकती हैं तो फिर उन्हें फिर से वही याद दिलाने के नापाक मंसूबे और यह दम्भी मानसिकता महिलाओं का कारण है न कि सिर्फ आधुनिकता !! 
                                                            ----------------- स्पर्श चौधरी

शनिवार, 16 मार्च 2013

नारी : मजबूर या दोषी ?



 
 आज जहां समाज में नारी बहुत ही मजबूर प्रतीत होती है और उसकी मजबूरी का सम्पूण दारोमदार पुरुष समाज पे डाल दिया जाता है, मैं भी इस समाज का एक अंग होने के नाते ये लेख लिखने के लिए विवश  हूँ !
कहा जाता है, माता - पिता ही बच्चे के पहले अध्यापक होते हैं , वो जो घर से सीखता है वही व्यवहार वो समाज में रह के अपनाता है, दुसरे शब्दों में कहा जाये तो समाज लोगों के बचपन में सीखे हुए संस्कारों का ही आईना होता है । तो आज समाज से पुरुषत्व क्यूँ गायब होता जा रहा है ? बहनों की इज्ज़तें लुट रही हैं , भाई लड़ना नहीं चाहते ! माताओं को बीच बाज़ार चार बदमाश परेशान करके चले जाते हैं , बेटे विरोध करने की जगह लडकियां बने घूम रहे हैं ! ये समाज की आज़ादी है या कायरता ?? और अगर कायरता है तो किसने बनाया है इस समाज को कायर ? घूम फिर के सारी बातें परिवार की उस प्राथमिक सीख पे ही केन्द्रित हो जाती हैं जिसके जिम्मेदार एक बच्चे के माँ- बाप होते हैं , किन्तु समाज का ये बदलाव नया नहीं है और अगर कुछ समय पहले का विश्लेषण करें तो पाएंगे बच्चे अधिकांश समय अपनी माँ के साथ बिताते थे और आज भी अधिकांश घरों की यही स्तिथि है ।
अगर आपको याद हो तो अपने इस समाज में नारियों की शिक्षा प्रारभ ही इसलिए हुई थी कि, वो पढ़- लिख कर एक नए समाज को सही दिशा दें ! उनके बच्चे जो कल का भविष्य हैं, उन्हें उचित संस्कार और ज्ञान दें , उनकी जरूरतों को समझें , उनके लिए एक प्रेरणा स्त्रोत्र बनें । किन्तु, आज जो सक्षम हैं वो स्त्रियाँ समाज कि इस महत्वपूण जिम्मेदारी को उठाने के लिए तैयार नहीं हैं । शिक्षा ग्रहण करते करते उनके खुद के सपने समाज के विकास के उस आवश्यक कार्य पर हावी हो जाते हैं और समाज को शिक्षा देने के लिए ज्यादर बस दो तरह के ही माहौल मिलते हैं ।
एक! जहां माँ को कभी अपनी बात कहने का मौका नहीं मिला , वो अशिक्षित रही , घरेलु हिंसा का शिकार बनी, और अपना सारा लाड़- प्यार अपने बच्चे पे उड़ेल दिया । पर बच्चे को सीखने को क्या मिला - जो दब जाये उसे दबाने का हुनर? बेशक इस सीख में उसका पिता भी बराबर का जिम्मेदार है और दोषी भी किन्तु, माँ शायद उसे अन्याय के खिलाफ खड़ा होना सिखा सकती थी पर उसने उसे जो दिया वो है - "डर", " समझौता " । साफ़- साफ़ कहा जाये तो ये वो बच्चे हैं जो बड़े हो कर अपने से कमजोर को डरायेंगे और जब कोई इनपे हावी हो जायेगा तो ये डर के उससे समझौता कर लेंगे । यानी इनकी सारी  बहादुरी कमजोरों के लिए है , अपनी माँ जैसी नारियों के लिए भी शायद किन्तु, रास्ते पे चलती लड़की को छेड़ने वालों को रोकने की हिम्मत इनमें नहीं है । ये अपने क्रोध से समझौता कर के आगे बढ़ जाते हैं क्यूंकि बचपन में माँ ने अपने लाड़ प्यार की वजह से इन्हें कभी लड़ने झगड़ने न दे कर नपुंसक बना दिया , उसके लिए वो प्यार था उसके एक मात्र सहारे के लिए ! "मेरे बच्चे! मेरे लाल ! स्कूल में नहीं झगड़ते । तुझे भी क्या अपने पापा की तरह बनना है ।" " पर माँ उसने मेरी पेंसिल तोड़ दी ! " " कोई बात नहीं ! माँ तुम्हारे लिए नयी पेंसिल ला देगी " ये एक मामूली सी बातचीत भी समाज को किस तरह पतन की तरफ ले जा सकती है शायद उसको अंदाज़ा ही नहीं होगा ! पिता का ध्यान न देना स्कूल में बच्चों की हरकतों पे गौर न करना भी इतना ही महत्वपूण है पर अगर समाज में समस्या नारियों को ज्यादा है तो सुधरने की जिम्मेदारी भी उनकी होनी चाहिए !
दूसरी तरफ हमे मिलती हैं ऐसी माँ जिन्हें शिक्षा भी मिली , आज़ादी का माहौल भी ! उनके लिए तो बातें और भी सीधी थीं दूसरों को मत देखो, तुम्हे जो करना है वो करो पर इसकी अति भी समाज को ले डूबी । उन्होंने बच्चो की जिम्मेदारी (समाज के भविष्य की जिम्मेदारी ) से ज्यादा महत्वपूण खुद के भविष्य को समझा और उनसे उनके बच्चों ने भी । दूसरों की फिकर मत करो और अपना भविष्य बनाओ, समाज की चिंता तो वो पहले ही छोड़ चुके थे तो किसी राह चलती युवती के लिये किसी से लड़ के अपने भविष्य को खतरे में डालना तो उनके लिये असंभव ही था , उनकी माँ ने उन्हें बचपन में ही सिखा दिया था " तुम्हारी फ़िज़ूल की बातों के लिये मेरे पास वक्त नहीं है, मुझे ऑफिस जाना होता है और भी बहुत से काम हैं ! आगे से कोई लड़ाई - झगड़े की खबर मिली तो बोर्डिंग में भेज देंगे " "पर मेरी बात तो सुनो... " वक्त के ये कमी समाज को इस मुकाम पे ले आएगी शायद उनकी शिक्षा उन्हें ये समझाने में असफल रह गयी ।
समस्या तो अब और भी बढ़ गयी है क्यूंकि ये कहानी एक पीढ़ी पहले की है , अब वो बच्चे बड़े हो गये हैं और अपने बच्चों को वही शिक्षा देने लगे हैं- " तुम्हे वहां पढने भेजा है लड़ने नहीं , जिसकी समस्या है वो खुद देख लेगा। तुम्हे नवाब बनने की जरूरत नहीं है !" और इसी समाज की नारी जब बीच बाजार अपराधियों के सामने हिजड़ों की फौज देखती है तो गुहार लगती है कि, क्या इस समाज में कोई मर्द नहीं है ?
मर्द !! मर्द को मर्द रहने ही कहाँ दिया आपने ! और अब उसके पुरषार्थ को ललकारती हो । अपने भाई , बेटे को कब आपने जगाया , डांटा, मारा, समझाया जब वो बीच सड़क एक औरत को असहाय देख कर खामोश  लौट आया था खुद को बेबस समझ कर ! आप पढ़ी-लिखी औरतों ने कब अपने बेटे को ज्ञान दिया की खुद से ज्यादा महत्वपूण भी कुछ है इस समाज में, आप तो बता सकतीं थीं उसे कि, तेरी माँ पढ़ी लिखी है कोई समस्या आएगी तो मैं देख लूँगी पर, तू कोई अपराध अपनी आँखों के सामने मत होने देना !
एक समय था जब अशिक्षित माँ भी अपने देश के लिये अपने बेटों को कुर्बान कर देती थी , इतना ज्ञान तो उन्हें भी था । हमने शिक्षा भले ही पा ली हो लेकिन उसकी मूलभूत आवश्यकता से हम बहुत दूर हो गए हैं, शायद ! पुरुष और स्त्री की इस आपसी प्रतिस्पर्धा में हमने समाज को खो दिया है ! 
                                                                    ............... शक्ति शर्मा

युवाओं पर सामाजिक मीडिया का प्रभाव





मैं सामाजिक मीडिया हूँ.  कहते हैं, मेरा प्रादुर्भाव आधुनिक समय में हुआ है. लेकिन यह आंशिक सत्य है. मनुष्य के सामाजिक प्राणी के रूप में विकास के साथ ही  विभिन्न प्रारूपों में मेरा अस्तित्व एवं उसकी उपादेयता प्रासंगिक रही है. युवा मन का मैं हमेशा से आशिक रही हूँ. कभी सुदूर जंगलों से गुजरने वाले साहसी यात्री जब पत्थरों पर दुसरे यात्रियों के लिए पथ संकेत एवं चित्र लिपि का प्रयोग करते थे, तो वह मेरा ही एक रूप था.  “नैनं छिन्दन्ति शास्त्राणी, नैनं दहति पावक:” की तर्ज पर मैं , कठिन से कठिन सामाजिक एवं राजनितिक परिस्थितियों में  विभिन्न रूपों में अपना वजूद कायम रखते हुए, मानव  अभिव्यक्ति के “अहं ब्रह्मास्मि”  के दीप को तिरोहित करती रही. मैं महाविधालयों  के बेंचों पर अपनी उपस्थति दर्ज कराती  रही, जहाँ प्रत्येक वर्ष के छात्र कुछ चिहन्न और शब्द जोड़ते रहे. मैं सार्वजनिक पेशाबघरों एवं शौचालयों के महकती दीवारों पर, मानव मस्तिष्क के यौन कुंठाओं के उत्सर्जन का भी माध्यम बनी. जिसे अमूमन वार्षिक पवित्र स्नान अथार्त चूने  द्वारा शुद्धिकरण कर दिया जाता.
          मैं समय एवं तकनीक के साथ तेजी से बदली और ज्यादा संगठित हुई. हर बार की तरह मैं अपने नए रंग रूप मैं भी युवाओं की चेहती बनी रही.  कभी याहू चाट, ऑरकुट  से लेकर फेसबुक,  ट्विटर, एवं दुनिया भर के ब्लोगों के द्वारा दिन दुनी रात चौगुनी के रफ़्तार से मैं स्मार्ट फ़ोन के माध्यम से हर युवा के पॉकेट में जगह बनाने लगी.
         दूसरी तरफ जहाँ बड़े से बड़े परम्परागत मीडिया के माध्यम कभी व्यावसायिक मजबूरियों तो कभी राजनितिक आकाओं के दुराग्रह के दलदल  में फंसते चले  गये . मैं अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नए आयामों का प्रतीक बनी.  युवा मन की सृजनात्मकता एवं रचनात्मकता अब  किसी छापेखाने के मालिक की अनुकम्पा का मोहताज न होकर  कभी फेसबुक की ‘स्टेटस’ होकर तो कभी ब्लॉग का लेख होकर वेबाभिव्यक्त  हो जाने लगी. . इस सामाजिक मीडिया का हर एक सदस्य एक पत्रकार है, जिसका मोबाइल फ़ोन उसका केमरा है, तो फेसबुक स्टेटस उसका सम्पादकीय चिंतन. तभी तो कभी  मैं ‘लीना बेन मेह्नी’ की ‘अ तुनिसियन गर्ल’ के ब्लॉग बनकर निरंकुश सत्ता को चुनौती देने लगती हूँ. मिस्त्र में ‘होस्नी मुबारक’ जैसे दिग्गज के खिलाफ  फेसबुक और  ट्विटर के माध्यम से इकठ्ठा होकर तहरीर चौक पर युवा  नया इतिहास रचते  हैं. दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र में तंत्र की ‘कुम्भकर्ण जड़ता’ के खिलाफ मेरे  माध्यम से संपर्क स्थापित  कर विशाल प्रदर्शन किया जाता है. यह मेरा ही कमाल है, की महामहिम के सुपुत्र को भी अब अपने गूढ़ चिंतन के परम निष्कर्ष का खंडन कुछ ही घंटो के बाद करना पड़ता है. ‘गुल मकई’  उर्फ़ ‘मलाला युसुफजई’ के संघर्ष की कहानी यदि पुरे विश्व में  एक उदारहण बन जाती है,  तो इसका काफी श्रेय मुझे  भी जाता है.  एक जुनूनी युवा ‘जुलियन असान्जे ‘ , स्थापित मीडिया के सारे मुहावरों को धता बताते हुए ‘विकिलीक्स’ के माध्यम से तथाकथित उदार लोकतन्त्रो के दोगलेपन को जगजाहिर करते हैं. मेरे  ही दुसरे रूप जैसे  ‘विकीपीडिया’ विश्वकवि रविन्द्र के “वेअर नोलेज इज फ्री ....” के दर्शन पर प्रयासरत हैं. यह मेरा ही कमाल है, की रातोंरात “ व्हाई दिस कोलावरी डी...” कश्मीर से कन्याकुमारी तक लोगों के जुबान पर छा जाता है. अब कोई चलचित्र, पुस्तक या संगीत के सफल होने के लिए आलोचना के शास्त्रीय मानकों पर खरा उतरने के बजाय मेरे अथार्त सामाजिक सम्पर्कसूत्रों के वेबसाईट पर ज्यादा ‘लाइक और सेअर’ प्राप्त करना पड़ता है. संपर्क के क्षेत्र में भी मेरी वजह से बड़ी हस्तियाँ अपने चाहने वालों से सीधे रुबरु हो सकते हैं , तो उन बड़ी हस्तियों को भी एक गुमनाम सा आलोचक सही सही, साफ़ साफ़ शब्दों में औकात बता सकता है.     
         मैंने वर्तमान के सिर्फ सामाजिक , राजनितिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में ही सिर्फ युवाओं की सकारात्मक सहभागिता को प्रोत्साहित नहीं किया है. बल्कि युवाओं के व्यक्तिगत जीवन पर भी उल्लेखनीय प्रभाव डाला है. शिक्षा एवं रोजगार के मारामारी के चलते अपने घर एवं सामाजिक परिवेश से दूर  युवा मन के लिए मैं एक माध्यम बनती हूँ , जहाँ वह अपने मधु-कटु प्रसंगों को दूसरों के साथ मिल बाँट सकते है. कहा जा सकता है,   की मैं एक छदम सामाजिक माध्यम हूँ, जहाँ सब कुछ आभासी है . खैर छोडिये भी इन बातों को जब महान दार्शनिक लोग वास्तविक दुनिया को ही ‘माया’ का एक रूप कह चुके हैं, तो मैं किस खेत की मुली ठहरी. लेकिन सच तो यह है , ऑफिस के उबाऊ क्षणों में, सफ़र के अकेलेपन, पढाई के बोरियत भरे पलों के बीच  में यदि स्टेटस , लाइक और शेयर के द्वारा युवा मन के सामाजिक जड़ो का पोषण करता रहूँ,  तो इसमें मेरी क्या खता. बदलती दुनिया के साथ सामाजिक संपर्क माध्यमो को भी बदलना होगा , २४ * ७ चलने वाली दुनिया में  ना तो अब गावं के चौपाल या पनघट हैं , ना ही वे काफीहॉउस में चिरकाल तक चलने वाली बुद्धिजीवियों की बहसें. तो फिर मेरे आभासी चौपाल और काफीहॉउस की सामजिकता में  चुस्की लगाकर युवामन थोडा राहत पाए , तो क्या गम है! सच तो यह है , बहुत सारे युवा, जो वास्तिवक जिंदगी में  अन्तर्मुखी एंड मृदुभासी बने रहते है , फेसबुकीय परिवेश में अपने आपको ज्यादा आसानी से अभिव्यक्त कर पाते है.
    हर सिक्के के दो पहलु है , मैं भी उससे अछूती  नहीं हूँ. कबीर के “माया दीपक नर पतंग , मनुष्य भरमें भरमें इव पढंत” की तर्ज पर यदि आप परीक्षा की सुनहरी घड़ियों मैं बार बार फेसबुक के स्टेटस के चक्कर में रहे तो , कहीं तो खता होगी ही ना. तो फिर कबीर के ही “ जैतो पाँव पसारिये , तैतों लम्बी सौढ” का अनुकरण करते हुए जितना समय मिले , उसी के अनुपात में  इस मीडिया से मुखातिब होइए. और फिर कहीं ऐसा भी तो ना हो जाये की आभासी सामाजिकता के चेम्पियन बने, फिरे आप कहीं वास्तिवक दुनिया के ‘एलियन’ ही ना बन जाएँ.  दूसरी समस्या यह है की, मैं अपने प्रयोग करने वालों के दिलोदिमाग पर ‘आत्ममुग्धता’  की काली छाया डाल देता हूँ . चंद मित्रों की मिली ‘लाइके’ यदि उत्र्प्रेरक के बजाय भस्मासुर बन जाये, तो आपकी  रचनात्मक ग्रन्थियां सबसे पहले प्रभावित होंगी . एक और समस्या है , ‘क्षणभंगुरता’  की. तमाम अच्छी रचनाएँ, विचार और उदगार मेरे ब्लोगों के भीड़-भाड में  सम्पादन एवं समीक्षा के अभाव  में कभी अच्छी से बेहतरीन नहीं हो पाती , और , कुछ ‘लाइक ‘ और ‘कमेंट’ के पश्चात सदा के लिए गुमनामी में खो जाती है.
फिलहाल, मैं इक्कसवीं सदी का सबसे बड़ा सच हूँ . अभिव्यक्ति के सही मायनों में स्वतंत्रता, सम्पर्क सूत्र , एवं बदलते दुनिया  के ताने बाने में हर युवामन की एक सामाजिक जरुरत की भूमिका में मेरी प्रासंगिकता बनी रहेगी. रही बात ,मेरे नकारात्मक प्रभावों की, तो किस खुबसूरत फूल में कांटे नहीं होते.

                                    ------------------    निशांत कुमार

शुक्रवार, 8 मार्च 2013

नारीत्व



अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर आप सभी को शुभकामनायें !! क्यूंकि हम सभी का जीवन औरत रुपी धुरी के इर्द -गिर्द घूमता है ! पर ' हम'  में से कुछ अहंकारी लोग  नही इसे स्वीकारना चाहते ! कोई बात नही ! हाल ही की तीन मुख्य घटनाओं ने मेरा ध्यान आकृष्ट किया -अमेरिका द्वारा निर्भया समेत दस अन्य बहादुर महिलाओं को 'वीमेन ऑफ़  करेज ' के अवार्ड देने की घोषणा की ; महाराष्ट्र में हाल ही में हुए दर्दनाक घटनाक्रम में तीन बच्चियों की सामूहिक बलात्कार के बाद नृशंस हत्या और दिल्ली के एक सरकारी ' शिक्षा के मंदिर  ' विद्यालय में ७ साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म ! .....बाद की दो घटनाओं का रूप एक ही है महिला के प्रति अपराध !!  सरकार  और  क़ानून  तो  बीमार कछुए की चाल से काम करते रहेंगे -भले ही मुझे इस बात पर क्षोभ हुआ हो कि क्यूँ भारत सरकार ने कभी देश में ऐसे कोई सम्मान क्यूँ नही दिए -जो औरत के जिजीविषा को सलाम करते हों -पर .... हमने कब अपने घरों को सुधारने  के बारे में सोचा है ?  

सरस्वती ,काली और लक्ष्मी तीनों के रूप में आज स्त्री हर क्षेत्र में आसमान की ऊँचाईयाँ नाप रही हैं .मलाला युसुफजई -मात्र १४ साल की बच्ची जो पाकिस्तान में लड़कियों की शिक्षा के लिए निरंतर लड़ाई लड़ रही थी जो तालिबानियों को सहन नही हुई ....पर उसकी हिम्मत देखिये वो आज फिर से अपने संघर्ष के लिए उठ खड़ी हुई है तो इरोम शर्मीला जो 1२ साल से शांतिपूर्ण तरीके से आर्म्ड फोर्सेज स्पेशल पावर्स एक्ट के उल्लंघन का विरोध कर रही हैं -जुदा बात है कि हमारी सिरफिरी सरकार ने उन्ही पर आत्महत्या के प्रयास का मुक़दमा ठोक दिया है !! पर उनकी इसी हिम्मत के कारण उन्हें लोगों ने 'आयरन लेडी' की उपाधि दे दी है .कुछ दिनों पहले ही अखबार में एक पृष्ठ ऐसी ही आज की नारी के नाम पर था। जहाँ हरियाणा की एक खाप ने औरतों की सुरक्षा के नाम पर उनके  पुरुष के बिना निकलने पर रोक लगा दी वहीँ मुंबई की एक विशेष सुरक्षा एजेंसी की सुरक्षा गार्ड की भूमिका महिलाएं बखूबी निभाती हैं जिनसे पुरुष भी डरते हैं .तो मुंबई की लोकल की एकमात्र ' मोटर वुमन ' से लेकर भारत -चीन की सीमा पर बैठी इकलौती महिला आर्मी ऑफिसर जो अपनी इनफ़ोसिस की जॉब ठुकराकर वहां गयी हैं ....महिला शेफों ,मुंबई की ही महिला टैक्सी ड्राइवर्स के यूनियन तक का ज़िक्र था .ये तो शुरुआत है .कहते हैं जब किसी को जितना दबाया जाता है ,शोषित किया जाता है ....उसका गुबार और आक्रोश और बाहर आता है और आज की एक औरत ने तो हर उस जगह जाने की सोच रखी है जो पुरुष के वर्चस्व के क्षेत्र हुआ करते . 
                   निर्भया के हौसले ने जहाँ औरतों के आवाज़ उठाने के हौसले को और बढाया है तो .आज शहीद पुलिस अधिकारी की पत्नी समाजवादी पार्टी के गुंडे मंत्री के खिलाफ आवाज़ उठाने से पीछे नही हट रही है. हाँ इन अपराधों से थोड़ी देर के लिए तकलीफ ज़रूर होती है जब हम अपनी ही बच्चियों ,मासूम कलियों को निर्ममता से कुचलते हुए देखते हैं ....पर न्याय पाने के रास्ते में आने वाली हर मुश्किल का सामना करने को अब तैयार दिखाई देती हैं आज की नारियाँ ! ये मिसालें हमें अपने हकों के लिए लड़ने को हिम्मत दे रही हैं .आज फिर कहीं मैंने पढ़ा कि  देश के ४९ लाख एक-सदस्यी परिवारों की मुखिया महिला है जिनमे तीन चौथाई ग्रामीण इलाकों की हैं ;पढ़कर थोडा अच्छा लगा .पर सच्चाई तो कडवी है .अब सरकारें तो आनी जानी हैं उनकी उम्मीद के सहारे अपने दामन पर लगे खून और आँखों के आंसुओं को पड़े पड़े खुद ही सूखने देने से बेहतर है -आंसुओं को पोंछकर अपने और अपनी बच्चियों के अरमानों और आत्मा के बलात्कार का बदला खुद लेना सीखें .खुद को शारीरिक रूप से और मानसिक रूप से सशक्त बनाएं .मेरी मानिए तो मानसिक मजबूती सबसे बढ़कर है. ऐसे कु -पुरुष  उनके खौफ के आगे मिमियाने वाली महिलाओं को शिकार सबसे ज्यादा बनाते हैं . क्यूंकि कोई भाई,बॉयफ्रेंड ,पति,मित्र आपकी रक्षा नही कर सकता हमेशा ! सरकार तो राजनीति की गोटियाँ खेलने में बड़ी मसरूफ रहती है वैसे भी -निर्भय के नाम से फण्ड तो दे दिया बजट में देखते हैं .-उसी निर्भया और देश की सभी निर्भयाओं  को वास्तव में कितना लाभ /इन्साफ का फायदा मिलता है !! 

मैं काफी दिनों से एक बात सोच रही थी कि बॉलीवुड में नायिका प्रधान फिल्में अभी भी क्यूँ गिनी चुनी हैं और क्यूँ उसे करने के लिए सभी अभिनेत्रियाँ आगे नही आतीं ! क्यूँ एक कहानी या एक डर्टी पिक्चर और हो सकता है मेरे मस्तिष्क में फिलहाल और नाम अभी ना आ रहे हों पर कम ही हैं जो ऐसी सफल हुई जबकि ऐसी कई दबंग और सिंघम कई  उत्तर-कथाओं में आती रहेंगी जिसमें 'हीरो ' ढेर सारा एक्शन करके जनता को  आकर्षित करते रहेंगे ....अभी भी बॉलीवुड में क्यूँ हीरोइन को बस 'प्रेमिका' के ही रूप में देखना पसंद करते हैं लोग या फिर बात ऐसी है कि फिल्म उद्योग वाले  थाली में जनता को जो  परोसते हैं वे उसे धीरे धीरे पसंद करते हैं .तो क्यूँ न बदलाव लाया जाए -शुरुआत थिएटर और छोटे नाटकों के स्तर से किया जाए जहाँ औरत को सिर्फ 'आइटम गर्ल' के तौर पर मसाला जोड़ने के लिए नही ,'नए सशक्त ' चरित्रों के दम पर पहचाना जाए ! हाल ही में बढ़ते महिला -अपराधों के मद्देनज़र सेंसर बोर्ड ने कड़ी आपत्ति दर्ज की ऐसे 'आइटम डांस ' को लेकर जो जायज़ भी है. आप ही बताइए इंसान जो जन्म से प्रयोग करने में बेहद उत्साहित रहता है को जो फिल्मों में ऐसे ही एक लड़की को अश्लील तरीके से नाचते और लड़कों को असभ्य हरक़तें करता हुआ देखता है तो थिएटर से निकलने के बाद उसे प्रयोग करना ज़रूर चाहेगा !! अरे भाई ! भारत वैसे ही नृत्य और संगीत के खूबसूरत रंगों से रंगा हुआ सजीला देश है -उसके इन रंगों से  मनोरंजन के लिए उसे अपनी   सीमा नही लांघने की कोई ज़रुरत नही !
           .एक लड़की होने के नाते मैं आज़ादी के पूरी तरह समर्थन में हूँ पर अगर कला स्वतंत्रता की जगह स्वच्छंदता सिखाये और सामाजिक प्राणी होने के नाते अपने फर्जों को भुला दे तो फिर वह कला सर्वथा रास्ता भूल गयी है . इन आइटम गीतों के खिलाफ मोर्चा लेकर खड़ा होना मेरा उद्देश्य नही है मेरा पर इनसे औरत को उपभोगी वस्तु के  तौर पर देखने का नजरिया बेशक बढ़ता ही है .क्यूँ एक भी चैनल देश के गाँव और औरत  को केंद्र में लाकर खबरें नहीं  लाता जबकि 'लेक्मे फैशन शो' ( सिर्फ एक उदाहरण है यह तो :) )की कवरेज तो निहायत ज़रूरी होती है .!! .ऐसे फैशन शो जो फैशन के नाम पर स्त्री को वस्तु की तरह देखने पर मजबूर करें उनकी कोई ज़रुरत नही है इस पहले से ही बेहद गंभीर समस्याओं से जूझते हमारे समाज को ....विडंबना है न कहीं  किसी स्त्री के पास अपने महीने के उन तकलीफदेह दिनों में भी तन ढंकने को वस्त्र कम हैं और कहीं हैं तो ये फैशन का प्रपंच !!  

औरत के हर रूप -एक बच्ची ,बहन ,माँ ,पत्नी , प्रेमिका ,भाभी ,मित्र -हर रिश्ते को देने के लिए उसके पास ढेर सारा प्यार और स्नेह छुपा होता है . जो भी रिश्ता निभाती है दिल से निभाती है .पर उसके इस नाज़ुक दिल को ,आत्मा को कमज़ोर मान छलनी करने का नापाक  काम करते हैं वही प्रेम को पाने वाले भी -घर से लेकर स्त्री कार्यस्थल हर जगह अपनों से ही धोखा खाती है . आज भी एक बार चर्चा छिड़ी थी की - एक सी आय वाले पति पत्नी में से पहले कौन नौकरी छोड़ेगा -अगर ज़रूरत पड़ी तो जायज है औरत ही करती हैं अक्सर ये त्याग जो आजकल शायद उतना सही नही है .तो बात उसके दोनों -घर और बाहर के मोर्चे को बखूबी संभालने की है -जो वो करती भी है .पर आप उसकी काबिलियत पर विश्वास कीजिये ....बिलकुल निराश नही होंगे बल्कि बेहद गर्व होगा आपको उसपर ! 

औरत के सभी रूप गंभीर नही होते -उसके अन्दर छुपे छोटे शिशु को दरअसल बचपन से ही दबा दिया जाता है कि दूसरे  के घर जाना है ....तहजीब सीखो -पर उसका खिलखिलाना ,उसकी मासूमियत ,जिंदादिली ,ज़िन्दगी के हर छोटे बड़े लम्हे को खुलके जीने का ज़ज्बा ,बारिश और फूलों की भीनी खुशबुओं से प्यार ,इठलाना ,शर्माना , रूठना ,मनाना , खुल कर मोहब्बत करने का ज़ज्बा , घुंघरुओं की खनखनाहट ,पायल की छनछन ,चूड़ियों की खनखन सब उसे और भी ख़ास बना देते हैं . रंगों की तो कबकी ज़िन्दगी से वापसी हो गयी होती अगर ज़िन्दगी में औरत नही होतीं ...उसकी छोडिये ..माँ नही होती तो ज़िन्दगी ही कहाँ होती जनाब !! 

तो इस महिला दिवस पर मजदूर से लेकर प्रशासन की  बागडोर संभालती ,नवजात कन्या शिशु जिसे इस दुनिया में औरत होने के नाते बेहद संघर्षशील जीवन जीना है ,नौकरीपेशा से लेकर घर का मोर्चा संभालती ,बिज़नेस से लेकर पुलिस ,अंतरिक्ष से लेकर एवरेस्ट , किचन से लेकर बॉक्सिंग ,लेखन से लेकर तीरंदाजी  में  उड़ान भर रही हर महिला को सलाम !! और अगर जो सिर्फ महिला हैं -आम तो और भी काबिले तारीफ़ हैं अधिक मुश्किलें उनका रास्ता रोकती हैं पर वे लडती हैं -क्यूंकि हर महिला ख़ास है क्यूंकि वो जन्मती है -रिश्तों को ,विश्वास को,ज़ज्बात को ,मूल्यों को , बुद्धि को, समाज को ,विचारों को और इस गढ़ती है इस प्यारे संसार को !! 

संपूर्ण नारीत्व को प्रणाम !! :) :) 
                                                              -------------- स्पर्श चौधरी 

गुरुवार, 14 फ़रवरी 2013

प्रेमोत्सव



आज वैलेंटाइन दिवस है, जिसको हमारे देश में भी प्रेम दिवस की शक्ल में पहचाना जाने लगा है। अब आपको अपने आस पास ऐसे कई लोग मिल जायेंगे जो आज के दिन या तो गुमसुम बैठे होंगे कि उनकी ज़िन्दगी में तो कोई प्रेम करने वाला/ वाली ही नहीं, या कुछ ऐसे भी होंगे जो अपने इस दुःख को एक दम्भी हँसी के पीछे छुपाये बैठे होंगे और गाते फिर रहे होंगे की हम तो अकेले हैं, सो प्रेम के साथ जो झंझट मुफ्त मिलते हैं वो हमको नहीं हैं, तो जी हम इस बात की ख़ुशी मनाएंगे। 

मैं सबसे कहना चाहती हूँ कि प्यार तो दुनिया में हर तरफ बिखरा पड़ा है, बस हम ही उसको महसूस नहीं करते। हमने अपने अन्दर के सब खिड़की दरवाज़े बंद कर रखे हैं और प्यार खटखटाता रहता है, पर हम सुनते नहीं, और उस बेचारे को हम तक पहुँचने का कोई जरिया भी नहीं मिलता। अजीब लगा पढ़कर? कह दो की नहीं, तुम फ़ालतू बात कर रही हो। पर एक बार ज़रा ये सोचकर देखो कि  जिस हवा में तुम साँस ले रहे हो, जिस रौशनी में सब कुछ देखते हो, क्या वो भगवान् का बरसाया हुआ प्यार नहीं तुमपर? ये प्रकृति हमसे इस कदर प्रेम करती है कि  हम उसको कब से दुहते आ रहे हैं, लूटते आ रहे हैं, तब भी हमें फूल देती है, फल देती है, खनिज, अन्न सब तो देती है। हमारे माता पिता, जिहोने हमें इतने प्यार से पाल पोस कर बड़ा किया है, क्या वो भूल सकता है कोई? हमारा परिवार, हमारे दोस्त सब जो हमको गिरते ही संभालने आ जाते है, प्यार ही तो करते हैं हमसे। 

हाँ, मानती हूँ की उस उल्फत की जगह कुछ ख़ास होती है दिल में, पर प्यार तो अब भी है हमारी ज़िन्दगी में। बल्कि, मैं तो कहती हूँ कि ज़िन्दगी प्यार के रंगों से रंगी हुयी एक तस्वीर है। हमारा कर्तव्य है की हम जो प्यार इस जहाँ से हासिल करते हैं, वो प्यार इस दुनिया को, उन सबको वापिस उतनी ही शिद्दत से दें। प्यार के इस लेन- देन के बीच कभी तो वो पल भी आएगा जब हमको वो मुहब्बत  हासिल होगी जो हमें मुक्कमल बना दे। पर तब तक, प्यार का ये उत्सव मनाते रहो! 

मोहब्बत!




मोहब्बत की बुनियाद पर तो ये मुक्कम्मल जहाँ टिका हुआ है जनाब! अब वैलेंटाइन्स डे आ रहा है तो मैंने सोचा कि चलिए कुछ हमारी गुमसुम सी कलम से भी इश्क फरमा लिया जाए!।इस दुनिया के ज़र्रे ज़र्रे में मोहब्बत घर करती है तभी तो हम सब साथ में जीते हैं .नही तो आदमी तो है ही खुदगर्ज़ अव्वल दर्जे का! बस जिस्मानी लिबास बदल जाता है मोहब्बत का ...कभी इंसान से ,कभी किसी चीज़ से ,कभी किसी पालतू जानवर से ....! पर मेरे लिए मोहब्बत के मायने शायद सब से अलग हो सकते हैं। ।मेरे लिए प्यार के तसव्वुर को सबसे पहले जो तीन शख्स सच करते हैं वो हैं मेरी माँ,पापा,और छोटी बहन ! उन्होंने हर वो चीज़ की है मेरे लिए जो वो ज्यादा से ज्यादा कर सकते हैं मेरे लिए .बदले में तो मैं क्या ही उनके लिए उतना कर पाऊं जो वो मेरे लिए करते हैं।और वैसे भी वो बदले में कुछ नही चाहते क्यूँकी यही तो प्यार की परिभाषा है और प्यार की ,अपनेपन की पहली सीख तो वहीँ से मिलती है न!सच्चे प्यार में चाहे खुद को तकलीफ हो जाए पर अगर उसके चेहरे पर एक मुस्कान आ सके तो प्यार के मायने पूरे हो गये . सच मानिए तो प्यार की पहली सीढ़ी विश्वास है,इतना भरोसा कि एक बार खुद पर शक हो सकता है पर उसपर नही! क्यूंकि वो आपको इतना जानता है कि आपसे बेहतर उसे पता होगा कि कहाँ आपके कदम डगमगायेंगे ! उसकी रग़ रग़ से आप वाकिफ हों ....तो लफ़्ज़ों की कोई ज़रुरत ही नही।क्यूंकि दिल की गहराईओं की पुकारों को सुनने के लिए आपको बाहर के शोर को तो कम करना होगा न! कहते हैं जो बातें जुबां से नही कही जा सकतीं वो ये कम्बख्त आखें बखूबी कह डालती हैं ...कमबख्त इसलिए क्यूंकि जब आप कुछ छुपाना चाहें तो भी नही देती ये .जब आप किसी से दिलों जान से मोहब्बत करते हैं तो आप खुदगर्ज़ नही हो सकते ....आप सिर्फ आप दोनों के बारे में ही नही सोच सकते ..आप परिवार के खिलाफ जाकर उनकी दुआओं के बिना आगे नही बढ़ सकते ....हाँ अगर वो नही समझते तब और बात है पर तब भी उनके साथ मशविरा करके ....उन्हें समझाकर उनके आशीर्वाद के बरगद तले अपना प्यार का आशियाँ बनाइये !....कहते हैं जब हम किसी से बेइन्तहा मोहब्बत करते हैं तो हम जाने अनजाने सबसे ज्यादा उसे ही तकलीफ भी देते हैं ....ये एक दम सही भी है क्यूंकि कहीं न कहीं यही वह शख्स है जिस के सामने आप जी भर के रो सकते हैं ,गुस्सा निकाल सकते हैं, पर उसकी तकलीफ की मरहम भी तो आप ही बन सकते हैं! शायद इन फिल्मों ने जो तस्वीर प्यार की दिखाई है,उससे आजकल की पीढ़ी के हम लोगों में से ज्यादातर दिखावे के लिए गर्लफ्रेंडऔर बॉयफ्रेंड बनाते हैं ..और कब तक निभायेंगे इसका भी कोई ठिकाना नहीं .... हम उसे ही प्यार मान बैठते हैं .शरीर से कहीं ऊपर उठकर दो आत्माओं का संगम है सच्चे प्यार का ये रिश्ता.वो रिश्ता जो एक बार जुड़ गया तो ताउम्र निभाने का है।
सिर्फ मोमबत्तियों की रोशनी ,खूबसूरत फूलों की खुशबू ,चॉकलेट्स या रोमांटिक म्यूजिक ही माहौल को रूमानी बनाने के लिए काफी नही ....अक्सर लड़कियां इस मामले में काफी परियों की दुनियां में रहती हैं।तो शायद लड़कों को भी लगता है कि इन सब चीज़ों से वो इम्प्रेस हो जाएंगी पर ...अगर ये न हो तो लगता है कितना अनरोमांटिक है ये ! पर इन सबसे बढ़कर प्यार का हर लम्हा ख़ास होता है ....शायद ये सब चीज़ें उन्हें और ख़ास बना दें ..! अपने साथी का आप उसके बुरे और अच्छे हर पल में बखूबी साथ निभाएं ....अगर कुछ खोने के लिए है तो आपका इगो .जो काफी मुश्किल है ....जो आपको एक दूसरे से दूर कर सकता है ....जो आपके सबसे करीब होता या होती है वो चाहे आपका कितना भी मज़ाक उड़ा ले ...कितना ही आपको टीज़ करे ....पर ज़रुरत पड़ने पर आपके लिए अपनी जान भी पेश कर सकते हैं .....खैर इससे याद आया कहीं पढ़ा था मैंने ...एक बार एक पत्नी ने बिलकुल रूखे से ...अनरोमांटिक पति से पूछा कि क्या आप उस पहाड़ी पर जाकर वो बेशकीमती फूल ले आयेंगे जिसके बारे में मुझे और आपको दोनों को पता है कि आप जिंदा वापस शायद ही आ पाएंगे ...तो पति बोले कि मैं इसका जवाब सुबह दूंगा ...उनकी सारी रात करवटों में गुज़री ....सुबह एक दूध के गिलास के नीचे दबे कागज़ के छोटे से टुकड़े पर जो लिखा था वो पढके उसकी आँखों से आंसुओं का जो सैलाब उमड़ा ...वो पूरी कहानी आप ही कह गया ....उसमें लिखा था .....क्यूँ उसका जिंदा रहना उसकी ज़रुरत ही नही दिली ख्वाहिश भी है क्यूंकि वो जब तक नही मर सकता जब तक वो यह पक्का न कर सके कि इस जहाँ में उससे भी ज्यादा कोई उसे प्यार ,उसकी फिक्र,देखभाल कर सकता है !...

पर इस प्यार और एह्तियाना बर्ताव के चक्कर में अगर कहीं औरत के स्वाभिमान ,उसकी आज़ादी के साथ कोई आदमी खेलता है तो वो बेशक झूठा या कुछ दिनों का दिखावटी प्यार है ....क्यूंकि विश्वास के बाद अपने साथी की ,उसके उसूलों की ,उसके ज़ज्बातों की इज्ज़त सबसे बड़ी चीज़ होती है . मनोवैज्ञानिक तौर पर भी सिद्ध हो चुका है कि जब एक औरत प्यार करती है तो अपना सब कुछ देकर भी उसे निभाती है पर ...आदमी को उसका ,उसके प्यार का ज्यादा इम्तेहान नही लेना चाहिए नही तो वो अगर चीज़ों को जोड़ना जानती है तो उसके गुस्से से भी आपको कोई नही बचा सकता ....मर्द होने का दंभ ज्यादा देर तक किसी रिश्ते में आड़े न ही आये तो बेहतर होगा ! 

तो वैलेंटाइन्स डे भले ही पाश्चात्य संस्कृति से आया हो पर प्रेम की सच्ची और सर्वोत्कृष्ट परिभाषा तो हमारी धरती पर कृष्ण और राधा ने ही दी थी ... शायद पश्चिम का अनुसरण करने के कारण आज हर तरफ इसका विरोध किया जाता है ...पर कहते हैं प्रेम सबसे अनुभूति है इस दुनिया की !..मनुष्य मात्र से प्रेम, प्रकृति से प्रेम या फिर किसी 'ख़ास ' से !
                                        
                                                                      ----------- स्पर्श चौधरी 

शनिवार, 9 फ़रवरी 2013

फूल का सवाल





खिला है जो आज,कल वो भी
 मुरझा के झर जायेगा,
उसकी कोमल सी पंखुड़ियां
तिनका तिनका बिखर जायेंगी,
हवा में न रहेगी उसकी भीनी सी
वो खुशबू , धूल संग कुचला जाएगा।

शायद बाकी रहें कुछ तसवीरें
या शायद किसी किताब के
पन्नों में बस जाए उसकी महक,
पर पूछे कुसुम सवाल ये ,
कि ओ माली, जब इसी मिटटी
में था मिलाना, तो क्यों दिया
ये रूप, क्यों दी सुगंध, जब
दो पल में सब है छीनना ?

मुस्कुराते माली ने कहा की अरे
पगले, यही तो नियम है, खिलकर
 मुरझाना, हाँ, यही तेरी नियति भी।                              
सवाल जो तूने पूछा है, तो जवाब भी सुन।
अपने दो पलों में तू इसी रूप, इसी
खुशबू से, दुनिया को खूबसूरत बनाता है,
उदास चेहरों पे मुस्कानें लाता है,
यही दो पल हैं तेरे पास पर तू यादें
बनकर जिए जाता है।

खिल तू कुछ इस तरह कि
दूर दूर तक फैले तेरी खुशबू,
खिल कुछ इस तरह कि नए
खिलते फूलों को तुझसे सीख मिले,
फिर मिटकर भी तू रहेगा अमर।